पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर मिलेंगी हरियाणा जैसी सुविधाएं: नायब सैनी

 पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर मिलेंगी हरियाणा जैसी सुविधाएं: नायब सैनी"

"अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सैनी भाजपा में हुए शामिल"




डेराबस्सी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज डेराबस्सी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सिंह सैनी को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर नायब सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता विभिन्न दलों से निराश हो चुकी है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल से जुड़ना चाहती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अकाली दल और भाजपा के बीच फिर से गठबंधन का निर्णय पार्टी नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी का फैसला है। सैनी ने जातिवाद की राजनीति से ऊपर उठकर देश को मजबूत करने वाले हर वर्ग के लोगों को भाजपा से जोड़ने की बात कही। उन्होंने यह भी वादा किया कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो किसानों को एमएसपी समेत हरियाणा जैसी सभी सुविधाएं दी जाएंगी।



गुरदर्शन सिंह सैनी के योगदान की प्रशंसा करते हुए नायब सैनी ने कहा कि उनका परिवार समाज सेवा में अग्रणी रहा है, और डेराबस्सी के सिविल अस्पताल के निर्माण में भी उनका बड़ा योगदान रहा है। सरकारी स्कूल के विकास में भी उनके परिवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते एक स्कूल को उनके पिता स्वर्गीय गुरनाम सिंह सैनी के नाम पर रखा गया है।


आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि इस पार्टी का नेतृत्व जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाकर गुमराह कर रहा है।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकेश गांधी ने किया। इस मौके पर पूर्व विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, एसएमएस संधू, संजीव खन्ना, मनप्रीत सिंह बंटी संधू, ज़ीरकपुर से पार्षद हरजीत सिंह मिंटा, हरप्रीत सिंह टिंकू, हरदीप सिंह, रविंद्र वैष्णव, सुशील राणा और एडवोकेट विक्रांत पवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे




स्टेज पर नायब सैनी को पहनाई गई पगड़ी


कार्यक्रम के दौरान जसपाल सिंह इसापुर की ओर से नायब सैनी को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। किसानों द्वारा विरोध की आशंका के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पंजाब पुलिस और हरियाणा पुलिस के कमांडो हर जगह तैनात रहे।

अपने संबोधन में नायब सैनी ने कश्मीर के पहलेगांव में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि देश के दुश्मनों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने हरियाणा के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में पाए जाने वाले किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने को कहा जाए।





एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने